फ्रैंकफर्ट एंबिएंट में भारत पैविलियन


 


नई दिल्ली। फ्रैंकफर्ट जर्मनी में एंबिएंट 2020 का आयोजन किया जा रहा है। इसमें भारत पैविलियन भी लगाया गया है। इसकी शुरुआत मुदिता मिश्रा, सहायक विकास आयुक्त (हस्तशिल्प), प्रतिभा पारकर, फ्रैंकफर्ट जर्मनी में काउंसिल जरनल ऑफ इंडिया, आर के वर्मा की मौजूदगी में हुई। इस मेले का आयोजन 7 से 11 फरवरी ,2020 तक होगा। भारत की अतुलनीय विविधता, समृद्ध संस्कृति, कला और हस्तशिल्प का प्रदर्शन करने के लिए एंबिएंट फेयर एक अच्छा अवसर प्रदान करेगा। एंबिएंट मेले का आयोजन हर साल फरवरी माह में फ्रैंकफर्ट जर्मनी में होता है। एंबिएंट मेले में दुनिया के 80 देशों की 4500 हजार से ज्यादा कंपनियों ने हिस्सा लिया है। इस आयोजन में करीब डेढ़ लाख से ज्यादा ट्रेड विजिटर्स आते हैं। इस मेले में घरेलू सामान, सजावट की वस्तुएं, फैशन एसेसरीज, क्रिसमस की सजावट, लकड़ी के हस्तशिल्प जैसे तमाम वस्तुओं को प्रमुखता से प्रदर्शित किया जाता है। इस साल एंबिएंट 2020 में 500 से ज्यादा भारतीय कंपनियां हिस्सा ले रही हैं। इन 500 कंपनियों में से ईपीसीएच ने 68 प्रतिभागियों के साथ मिलकर एक विशेष हस्तशिल्प पैवेलियन का निर्माण किया है। इन पैवेलियन में क्रिसमस के सजावटी सामान, फैशल ज्वैलरी, बाथरूम एसेसरीज,लकड़ी की हस्तशिल्प कला, टेक्सटाइल, चमड़े की वस्तुओं, लैंप और लाइटिंग, और सेरेमिक की विशिष्ट वस्तुओं को प्रदर्शित किया गया है।