कांग्रेस जिलाध्यक्ष पद के लिए गतिविधियां तेज

 


ग्रेटर नोएडा। कांग्रेस पार्टी में राष्ट्रीय स्तर से लेकर जिला स्तर तक संगठन में फेरबदल की प्रक्रिया चल रही है। जिला गौतमबुद्धनगर में भी जिला कांग्रेस कमेटी के पुनर्गठन की गतिविधियां तेज हो गई हैं। नया जिला अध्यक्ष चुनने के लिए केंद्रीय नेतृत्व की ओर से पर्यवेक्षक स्थानीय नेताओं से विचार-विमर्श कर रहे हैं। विगत रविवार को जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय में कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव व पश्चिमी उ.प्र. के प्रभारी राणा गोस्वामी ने जिले के नेताओं से विचार-विमर्श किया। जिला गौतमबुद्धनगर के जिला अध्यक्ष पद के लिए दावेदारों की लंबी फेहरिस्त है। इनमें मनोज चैधरी, पीताम्बर शर्मा, जगदीश शर्मा, वीरेंद्रसिंह गुड्डू, अशोक पंडित, दिनेश अवाना, गौतम अवाना, अजीत दौला, ललित अवाना, सत्येंद्र शर्मा, रामकुमार, लियाकत चैधरी सहित कई अन्य नेता शामिल हैं। जिला अध्यक्ष पद के दावेदारों की इस लंबी फेहरिस्त में अधिकांश ऐसे लोग शामिल हैं जिनका स्वयं का जिले में कोई जनाधार नहीं है। सिर्फ पद हासिल करना चाहते हैं। इससे पहले भी ऐसा देखा गया है कि पिछले कुछ वर्षों में इस जिले में जो पूर्ववर्ती जिलाध्यक्ष रहे हैं, वे या तो जिले से बाहर के नेता थे अथवा सिर्फ औपचारिकता निभाने वाले रहे हैं। पिछले वर्षों में कांग्रेस के विपक्ष में होते हुए भी किसी जिलाध्यक्ष ने कोई बड़ा आंदोलन अथवा कार्यक्रम ऐसा नहीं किया जिसे कांग्रेस जैसी पार्टी के स्तर का कहा जाए। 
अधिकांशतः सिर्फ औपचारिकता ही निभाई गई। यही कारण है कि जिले में कांग्रेस सिमटती चली गई। अब देखना है कि नया जिलाध्यक्ष नियुक्त करने के लिए पार्टी के आका क्या मापदंड अपनाते हैं। किस चेहरे को जिलाध्यक्ष का ताज पहनाते हैं और सबसे महत्वपूर्ण यह कि अगला जिलाध्यक्ष कितना सक्षम होगा जो पार्टी को जिले में पुनः जीवित करके स्थापित कर सकेगा।