कांग्रेस जिला अध्यक्ष युवा और सक्रिय हो: रमेश चंद शर्मा

नोएडा। कांग्रेस पार्टी में जिला अध्यक्ष पद के लिए प्रक्रिया शुरू हो गई है। जिले के दर्जनों कांग्रेसी नेता जिलाध्यक्ष पद हासिल करने के लिए दावे कर रहे हैं। 
यह नेता अपने-अपने आकाओं के दरबार में दौड़ लगा रहे हैं। इस विषय पर जिले के सबसे पुराने और वरिष्ठ कांग्रेसी नेता पूर्व शहर अध्यक्ष पं. रमेश चंद शर्मा तुगलपुरिया का कहना है कि पार्टी आलाकमान को बिना पक्षपात के निष्पक्ष रूप से ऐसे व्यक्ति को जिला अध्यक्ष नियुक्त करना चाहिए जो युवा हो, मेहनत कर सके, सभी पार्टीजनों को साथ लेकर चल सके तथा जिसका स्वयं का जनाधार हो। यदि ऐसा युवा नेता जिलाध्यक्ष हो तो जिले में पार्टी के हित में होगा। रमेश चंद शर्मा ने कहा कि पिछले 25  वर्षाे में जिले में पार्टी का जनाधार घटता चला गया। इसका मुख्य कारण जिला संगठन का कमजोर होना ही रहा। 
यदि जिलाध्यक्ष युवा, ऊर्जावान और सक्रिय होकर सभी कार्यकर्ताओं को सक्रिय रखे, निरंतर आंदोलन कार्यक्रम होते रहें, प्रत्येक महीने निर्धारित करके गतिविधियां संचालित की जाएं तो पार्टी को खड़ा किया जा सकता है। कांग्रेस देश की सबसे पुरानी पार्टी है। हमें सिर्फ सक्रिय होकर गांव-गांव, घर-घर तक कांग्रेस की नीतियों को पहुंचाना है। 
इससे लोग कांग्रेस से जुड़ेंगे। अतः पार्टी को ऐसे सक्रिय और मेहनत करने वाले जिलाध्यक्ष की आवश्यकता है।